दुर्ग, जिले के थाना रानी तराई क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार के साथ आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड कर रौब झाड़ने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर सख्त संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार थाना रानी तराई पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक इंस्टाग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धारदार हथियार के साथ फोटो और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रहे हैं। इन पोस्ट के माध्यम से दबंगई और भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी। मामला समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर उक्त पोस्ट अपलोड करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गतिविधियां लोक शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली थीं। इसके बाद दोनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम औसर निवासी 22 वर्षीय तुलाराम गायकवाड़ और 20 वर्षीय गुलशन भारती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंस्टाग्राम पोस्ट से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 26 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर अपनी दबंग छवि बनाने और लोगों में रौब जमाने के उद्देश्य से हथियारों के साथ पोस्ट साझा कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूरे मामले में थाना रानी तराई पुलिस स्टाफ की त्वरित और प्रभावी भूमिका रही। पुलिस ने कम समय में आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
दुर्ग police ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भय फैलाने वाली या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट साझा करने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध या दबंगई फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।