छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, दुर्ग में तेज हवाओं से हादसे; 4 दिन तक बारिश-अंधड़ का अलर्ट

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में तेज अंधड़ और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

शुक्रवार रात प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अंबिकापुर में देर रात तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया, वहीं दुर्ग जिले के अंडा गांव में तेज आंधी ने लोगों को डरा दिया। यहां लोग बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए पेट्रोल पंप की छत के नीचे शरण लेते नजर आए। आंधी इतनी तेज थी कि एक स्कूटी हवा के झोंकों से गिर गई। इसी दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तभी कुछ दूरी पर अचानक बिजली गिर गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बना रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर न रुकने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ।

इधर महासमुंद जिले में बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीतराम गोंड के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात तेज गरज-चमक के दौरान अचानक मचान पर बिजली गिर गई। हादसे में धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दूसरी घटना महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। शुक्रवार सुबह प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और वाहन सीट कवर सहित लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लगातार बदलते मौसम और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।