दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में हुई एक्टिवा स्कूटी चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई वाहन बरामद कर लिया है। पुलिस की सतर्कता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रूद्राक्ष सिंह राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी विश्व बैंक कॉलोनी घासीदास नगर वार्ड क्रमांक-07 ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अप्रैल 2026 को वह अपने मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने भिलाई-03 श्याम नगर गया हुआ था। विवाह कार्यक्रम से वापस लौटते समय देर रात लगभग 12:30 बजे वह विश्व बैंक कॉलोनी स्थित दुर्गा मंच के पास पहुंचा और अपनी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-07-CM-2885 को सड़क किनारे खड़ी कर बाथरूम करने चला गया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उसकी स्कूटी चोरी कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही थी तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी सिरसा गेट क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी संजय महिपाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी घासीदास नगर विश्व बैंक कॉलोनी पुरानी भिलाई को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी को उसने नूतन चौक मुक्तिधाम के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा था ताकि मौका मिलने पर उसे बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सके। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
इस पूरे मामले में थाना पुरानी भिलाई पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले में चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अपने वाहनों को हमेशा सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और लॉक लगाना न भूलें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।