भिलाई ,नगर थाना क्षेत्र के माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार लोहे के रापा से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 10 मई 2026 की है। थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में दो सगे भाइयों के बीच विवाद और मारपीट होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मनोज यादव का अपने बड़े भाई अशोक यादव के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आकर मनोज यादव ने घर में रखे धारदार लोहे के रापा से अशोक यादव पर हमला कर दिया। आरोपी ने अशोक के सिर और कनपटी पर जोरदार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घायल अशोक यादव को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे रायपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अशोक यादव ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। बाद में घायल की मौत होने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू विवाद के चलते यह घटना हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना में इस्तेमाल लोहे का रापा भी जब्त कर लिया गया है। आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और दुख का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली घरेलू विवाद में इस तरह की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालने का प्रयास करें।