सुशासन तिहार अंतर्गत नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बनता जा रहा है। शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासकीय सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 1 मेरेगांव निवासी किसान सोहन लाल निषाद को राजस्व विभाग द्वारा किसान किताब कार्ड एवं बी-1 प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
सोहन लाल निषाद ने बताया कि उन्होंने अपने भाइयों के साथ खाता विभाजन संबंधी आवेदन कुछ दिन पूर्व तहसील कार्यालय में प्रस्तुत किया था। सुशासन तिहार के अंतर्गत राजस्व विभाग ने उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण किया और जनसमस्या निवारण शिविर में उन्हें प्रमाणित दस्तावेज सौंपे गए। किसान किताब कार्ड एवं भूमि संबंधी दस्तावेज प्राप्त होने पर सोहन लाल निषाद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें कृषि कार्यों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि किसान किताब कार्ड के माध्यम से बैंक ऋण, कृषि योजनाओं एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो सकेगा।
हितग्राही सोहन लाल निषाद ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शासन स्वयं शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे आम नागरिकों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।