विश्व रेडक्रॉस दिवस पर राजनांदगांव में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 56 यूनिट रक्त संग्रहित

त्वरित खबरे (अरुण रिपोर्टिंग )

विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राजनांदगांव जिले में रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण और महिलाओं के लिए कैंसर जांच शिविर का व्यापक आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न ब्लड बैंकों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 56 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसमें मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में 17 यूनिट, जिला अस्पताल ब्लड बैंक में 13 यूनिट, नांदगांव ब्लड बैंक में 13 यूनिट, बालाजी ब्लड बैंक में 5 यूनिट, बिलासा ब्लड बैंक में 3 यूनिट तथा लाइफ लाइन ब्लड बैंक में 5 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान के साथ-साथ जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए, जहां नागरिकों की विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। शिविर में सिकल सेल, थैलेसिमिया, एनीमिया यानी खून की कमी, रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और नियमित जांच के प्रति जागरूक भी किया। महिलाओं के लिए आयोजित विशेष कैंसर जांच शिविर में ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई। साथ ही महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य और अन्य शारीरिक समस्याओं से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी राजनांदगांव के सचिव डॉ. नेतराम नवरतन ने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्पेनिश फ्लू महामारी के दौरान वर्ष 1918 और 1920 में रेडक्रॉस सोसायटी को विशेष पहचान और मान्यता मिली थी। इस अवसर पर उन्होंने रेडक्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट को याद करते हुए उनके मानवता और सेवा के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सह सचिव सुशील जैन और हेमंत तिवारी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है और इससे कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में दिग्विजय महाविद्यालय के रजिस्ट्रार  पघनिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 26वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधक सह जिला संगठक प्रदीप शर्मा ने रेडक्रॉस डे के महत्व और ब्लड बैंक की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उत्तम चंद जैन, राजेश जैन, परंपरा ग्रुप के दिव्यांशु गोलछा, मनोज सिंह सहित रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सदस्य, वालेंटियर, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और मानव सेवा के लिए प्रेरित करना था।