ग्रे स्पॉट चौकों का संयुक्त निरीक्षण, सड़क सुरक्षा सुधार के लिए पुलिस-PWD ने दिए निर्देश

त्वरित ख़बरें - सिटी रिपोर्टर

दुर्ग - भिलाई / Durg Police एवं Public Works Department ने सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से दुर्ग शहर के चिन्हित ग्रे स्पॉट चौकों का संयुक्त निरीक्षण किया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार यह निरीक्षण अवन्ति बाई चौक और सूर्या मॉल चौक पर किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों चौकों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के स्पष्ट निर्देश जारी किए। अवन्ति बाई चौक में रोटरी का आकार कम करने, चारों दिशाओं में रम्बल स्ट्रिप्स बनाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, हाई मास्क लाइट लगाने तथा चेतावनी और सूचनात्मक संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं सूर्या मॉल चौक पर सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर को हटाकर लेफ्ट टर्न को बाधारहित बनाने, ट्रैफिक सिग्नल की नियमित मॉनिटरिंग करने, नाली को ढककर सड़क चौड़ीकरण करने, रम्बल स्ट्रिप्स बनाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि इन दोनों चौकों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सभी सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

इस संयुक्त कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले की सक्रिय और समन्वित भूमिका रही।

Durg Police ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सड़क संकेतों का अनुसरण करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।