नक्सलियों ने गला घोंटकर मार डाला

त्वरित ख़बरें - युवक को देर रात घर से अगवा कर ले गए, सुबह मिला शव; पुलिस मुखबिरी के संदेह में हत्या

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में नक्सलियों ने एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। युवक को नक्सली गुरुवार देर रात अगवा कर ले गए थे। अगले दिन सुबह उसका शव गांव के बाहर फेंक कर भाग निकले। बताया जा रहा है कि पुलिस मुखबिरी के शक पर नक्सलियों ने उसकी हत्या की है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस दी। मामला औंधी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पेंदोड़ी ग्राम पंचायत के निडेली गांव में गुरुवार देर रात 5-6 की संख्या में हथियारबंद नक्सली पहुंच गए। उन्होंने गांव में रहने वाले तीजू बोगा (30) के घर का दरवाजा खटखटाया। उसकी पत्नी उर्मिला ने जैसे ही दरवाजा खोला नक्सली धक्का देकर अंदर घुस आए। उन्होंने तीजू को पकड़ लिया और अगवा कर अपने साथ ले गए।

इसके बाद अगले दिन शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे तीजू का शव गांव के बाहर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले तीजू को बुरी तरह से पीटा गया। इसके बाद नक्सलियों ने उसका गला घोंट दिया। इस वारदात की जिम्मेदारी नक्सलियों के संगठन राजनांदगांव कांकेर बॉर्डर डिवीजन (RKB) ने ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।