रायपुर: महादेवघाट विसर्जन कुंड में दोपहर 2 बजे तक दुर्गा माता की 100 मूर्तियों का विसर्जन, निगम अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा...

त्वरित ख़बरें :- रायपुर ब्यूरो चीफ

रायपुर। राजधानी रायपुर में महादेवघाट पाटन पुलिया के समीप स्थित नगर निगम के विसर्जन कुंड में दुर्गा माता की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। आज दोपहर 2 बजे तक 100 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था। विसर्जन के लिए कुंड स्थल पर भक्तों की लगातार भीड़ पहुंच रही है।

विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने विसर्जन कुंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

इस दौरान नगर निगम जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, सहायक अभियंता शत्रुहन देशलहरे, उप अभियंता लोचन प्रसाद चौहान, भूपेंद्र दिल्ली सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से विसर्जन स्थल पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम प्रशासन द्वारा विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा को विदाई दे रहे हैं।