छत्तीसगढ़ में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ रही है। रायपुर के शिवालयों में भक्तिभाव का माहौल देखते ही बन रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जल अर्पित करने के लिए उमड़े हुए हैं। रायपुर के प्राचीन मंदिरों में प्रमुख महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव का इस बार अर्धनारीश्वर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया है। श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु मंदिर के पट सुबह 4 बजे ही खोल दिए गए। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भक्तों का तांता लगा हुआ है। वहीं, सुरेश्वर महादेव चौक पर 21 फीट ऊंचा त्रिशूल स्थापित किया जाएगा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी हुई हैं।महाशिवरात्रि को भव्य बनाने की तैयारियां पहले ही मंगलवार से शुरू हो गई थीं। सभी शिवालयों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। बुधवार सुबह से ही शिव भक्त बाबा के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में एकत्रित हो रहे हैं।दुर्ग और भिलाई के मंदिरों में भी हर साल की तरह इस बार भी भव्य आयोजन हो रहे हैं। देव बलौदा प्राचीन शिव मंदिर, बैकुंठ धाम मंदिर, सेक्टर 7, 4 और सेक्टर 5 के शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दुर्ग के शिवनाथ नदी तट स्थित मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचे हैं।कैंप 1 स्थित बैकुंठ धाम के विशाल शिव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। मंदिर के संचालक राजेंद्र अरोरा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। सुबह मंदिर में फूलों की विशेष सजावट की जाएगी और बाबा का दरबार भव्य रूप से सजाया जाएगा। भक्तों को यहां शिवलिंग पर दूध, दही, घी, इत्र और जल चढ़ाने की सुविधा मिलेगी।शिवरात्रि के पावन अवसर पर लगभग सभी शिवालयों में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। दिनभर भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई देगी, वहीं शाम को भंडारे का आयोजन होगा। कुरुद स्थित ढांचा भवन के शिव शक्तिधाम और दुर्गा मंदिर में भक्तों का विशेष जमावड़ा रहेगा।यहां के पंडित ऋषभ उपाध्याय ने बताया कि दिनभर भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। शाम को शिव शक्तिधाम मंदिर में खिचड़ी प्रसाद वितरित किया जाएगा, जबकि तालाब के दूसरी ओर स्थित मां दुर्गा मंदिर में खीर, पूड़ी और सब्जी का भोग तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं को शाम के समय प्रसाद वितरण किया जाएगा।