भिलाई में भाजपा नेता के बेटे पर जानलेवा हमला: अपहरण की कोशिश नाकाम, हॉकी-डंडों से बेरहमी से पीटा...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

भिलाई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भाजपा नेता और पूर्व पार्षद रॉबर्ट कामिल के बेटे उत्कर्ष एंथनी को अपहरण करने की कोशिश की गई। अपहरण असफल होने पर आरोपियों ने हॉकी और डंडों से उसे बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल उत्कर्ष को सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।  यह घटना रात करीब 12 बजे की है, जब उत्कर्ष एंथनी अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी अनीश उड़िया नामक युवक चार गाड़ियों में 10-12 लोगों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उत्कर्ष को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। उत्कर्ष ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिससे आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।  मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अपहरण करने में विफल होने के बाद, आरोपियों ने हॉकी, रॉड और डंडों से उत्कर्ष पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग और उनके पिता रॉबर्ट कामिल बाहर आए। रॉबर्ट कामिल ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।  हमले में उत्कर्ष के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। डायल 112 की टीम ने घायल को तत्काल सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बताई जा रही है।  भिलाई नगर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।