वार्ड क्रमांक 17 के उपचुनाव के लिए भाजपा ने सरिता सिन्हा को बी फॉर्म जारी कर दिया है। इसके साथ ही सरिता सिन्हा उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी हो गई है। भाजपा से पूर्व पार्षद जमुना साहू ने भी नामांकन दाखिल किया था, जो अब पार्टी के फैसले के बाद अपना नामांकन वापस ले सकती हैं।
वार्ड उपचुनाव के लिए भाजपा ने नामांकन के अंतिम तक अपना प्रत्याशी तय नहीं किया था। जिस पर शनिवार को मुहर लगा दी गई। इधर कांग्रेस की परेशानी अब भी कम नहीं हुई है। कांग्रेस ने चंद्रकला देवांगन को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। जबकि कांग्रेस नेता दयावान देवांगन ने यहां से बागी होकर अपनी पत्नी सोहागा बाई का नामांकन दाखिल कराया है। अगर सोहागा बाई चुनावी मैदान में रही तो इसका नुकसान कांग्रेस को ही उठाना पड़ सकता है। हालाकि नामांकन वापसी के लिए सोमवार का दिन निर्धारित है। इसके बाद ही चुनाव में प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
खैरागढ़ में वार्ड वार प्रचार अभियान शुरु
इधर खैरागढ़ पालिका चुनाव के लिए दोनों ही दलों ने वार्ड वार चुनाव प्रचार शुरु कर दिया है। कांग्रेस और भाजपा लगातार वार्डों में बैठक कर अपने प्रत्याशी को मजबूत करने में जुटी है। वहीं निर्दलीय और जोगी कांग्रेस सहित दूसरे दल के प्रत्याशी भी अपने पक्ष में वोट के लिए जोर लगा रहे हैं। नगर के कई वार्डों में दोनों दलों के अलावा निर्दलीय व तीसरे दल से भी मजबूत प्रत्याशी मैदान में हैं। इसका असर चुनाव समीकरण में पड़ेगा।