बीएसपी ने 33.12 लाख टन सिंटर उत्पादन का बनाया नया रिकॉर्ड

त्वरित खबरे

भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों ने अप्रैल से नवम्बर अवधि में उत्पादन के नए रिकॉर्ड दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। इन विभागों में सिंटर प्लांट-3, ब्लास्ट फर्नेस-8, एसएमएस-3, प्लेट मिल, यूआरएम तथा बीआरएम शामिल हैं। संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 ने 33,12,313 टन सिंटर उत्पादन का नया कीर्तिमान रचते हुए पिछले रिकाॅर्ड 31,55,461 टन सिंटर को ध्वस्त किया।

ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 16, 84, 232 टन हॉट मेटल उत्पादन कर पिछले श्रेष्ठ निष्पादन रिकाॅर्ड 15,99,981 टन हॉट मेटल को पछाड़ कर नया कीर्तिमान रचा है। एसएमएस-3 ने 17, 31, 505 टन कास्ट स्टील प्रोडक्शन कर पिछले रिकॉर्ड 13,06, 961 टन कास्ट स्टील प्रॉडक्शन के अपने ही रिकाॅर्ड को ध्वस्त करते हुए बनाया है। प्रबंधन ने उत्साह भी बढ़ाया।

78 हजार टन बॉयलर प्लेट्स बनाए
प्लेट मिल ने 78,462 टन बाॅयलर प्लेट्स का उत्पादन कर, पुराने 69,950 टन उत्पादन के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर बेस्ट अप्रैल से नवम्बर का नया कीर्तिमान बनाया है। यूआरएम ने 4,59,770 टन फिनिश्ड रेल प्रोडक्शन कर पिछले वर्ष 2020-21 के अप्रैल से नवंबर की अवधि में 4,45,712 टन फिनिश्ड रेल प्रोडक्शन के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ा।

सेलेबल स्टील उत्पादन में भी आगे
बीएसपी ने वर्तमान वित्त वर्ष 2021-22 के अप्रैल से नवम्बर अवधि में 30,13,451 टन कुल सेलेबल स्टील प्रोडक्शन कर वर्ष 2013-14 के अप्रैल से नवम्बर अवधि में उत्पादित 30,12,506 टन कुल सेलेबल स्टील प्रोडक्शन के रिकाॅर्ड को ध्वस्त किया है। 16,45,459 टन डायरेक्ट डिस्पैच, 30,59,677 टन स्टील की लोडिंग का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

बीआरएम ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ा
बार एंड रॉड मिल ने 4,59,132 टन उत्पादन पिछले वर्ष 2020-21 के अप्रैल से नवम्बर अवधि में उत्पादित 1,97,893 टन के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ते हुए बनाया है। फिनिशिंग मिलों ने 24,06,298 टन फिनिश्ड स्टील प्रॉडक्शन कर, वर्ष 2008-09 के प्रॉडक्शन के अपने रिकॉर्ड को पार कर बेस्ट कीर्तिमान दर्ज किया है।