पहली बार पुलिस चारों निकायों में तय हुए प्रत्याशियों की कुंडली खंगाल रही है। खुफिया तरीके से सभी प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। निर्वाचन दफ्तर में पहुंचकर नामांकन फार्म में दी गई जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा संबंधित थाना क्षेत्र से प्रत्याशियों के डिटेल लिए जा रहे हैं। ताकि इस बार बेहतर तरीके से और शांतिपूर्ण मतदान कराया जा सके। इसके अलावा प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी निर्वाचन आयोग तक पहुंच सके। पुलिस ने एक फॉर्मेट भी तैयार किया गया है। थानेदार व सीएसपी भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पुलिस कप्तान की निगरानी में हो रहा काम : आरक्षक से लेकर थानेदार की ड्यूटी
प्रत्याशियों के बारे में निजी व सामाजिक जानकारी ले रहे
पुलिस विभाग ने जानकारी जुटाने के लिए एक फार्मेट तैयार किया है। इसमें नगर निकाय, वार्ड क्रमांक, कांग्रेस, बीजेपी और अन्य प्रत्याशियों के पूरी जानकारी ली जा रही है। इसके साथ एक कॉलम विवरण का रखा गया है। इसमें अधिकारी प्रत्येक प्रत्याशी की कुंडली बना रहे हैं। जानकारी जुटाने के लिए थानेदारों को वार्ड में जाकर जानकारी एकत्र करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें थानेदार ने अपने अपने थाने के उन आरक्षकों को लगा रखा है।
दूसरी पार्टी के प्रत्याशियों का प्रचार करने वालों पर भी नजर
पुलिस विभाग ने चुनावी प्रक्रिया शुरु होते ही निर्धारित फार्मेट में खुफिया तरीके से काम करना शुरू कर दिया है। इससे पुलिस ने ऐसे प्रत्याशियों के समर्थकों की सूची बना ली है, जो पार्टी में रहकर भीतरघात करने की तैयारी में जुट गए हैं। अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की बजाय दूसरी पार्टी के प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार की तैयारी में लग गए हैं। इसके साथ चुनावी मेंं शराब, पैसा और अन्य तोहफों का प्रयोग न हो सके, इसके लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है।
संवेदनशील वार्डों की भी रिपोर्ट तैयार करने, रखी जा रही नजर
खुफिया रिपोर्ट तैयार करने के लिए 20 से अधिक थानेदारों को लगाया गया है। निर्वाचन की सूची के साथ पुलिस ने कुछ ऐसे वार्डों को शामिल किया है, जिसे प्रत्याशियों को नजरिए से संवेदनशील माना गया है। इसके साथ विवाद की स्थिति निर्मित होने वाले वार्ड भी चिन्हित कर लिए गए हैं। आचार संहित लागू होते ही प्रतिदिन रिपोर्ट कार्ड को लेकर मीटिंग भी हो रही है। एसएसपी मीणा के सामने थानेदार उम्मीदवारों की रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण चुनाव हो इस वजह से की है प्लानिंग
चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए चारों निकाय के सभी वार्डों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। चुनाव से संबंधित सभी जानकारी थानेदार अपने स्तर पर जुटा रहे हैं। जिससे चुनाव के दौरान किसी भी तरह की विवाद की स्थिति निर्मित न हो। संवेदनशील वार्ड और पोलिंग बूथ में ज्यादा पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
-संजय ध्रुव, एएसपी सिटी दुर्ग