निकाय चुनाव 2021-:भिलाई में भाजपा के 15 और कांग्रेस के 6 पार्षदों को बदलनी पड़ेगी जगह, रिसाली निगम में यह संख्या 14

त्वरित खबरे

निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही वार्डों से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों की जद्दोजहद शुरू हो चुकी है। भिलाई, रिसाली और चरोदा निगम के वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के कई दिग्गज वार्ड आरक्षण की मार झेल रहे हैं। जिस वार्ड वे लंबे समय तक राजनीति करते आ रहे हैं, वह अब या तो अन्य वर्ग के लिए आरक्षित हो चुकी है या फिर परिसीमन के चलते बंट चुकी है।

अब स्थिति यह है कि अब उन्हीं दूसरे वार्डों में जमीन तलाशनी पड़ रही है। इसके अलावा कुछ दिग्गज ऐसे भी हैं, जिन्हें निकाय चुनाव के दूरी बनाकर रखनी पड़ेगी। भिलाई निगम में भाजपा से ऐसे दिग्गज दावेदारों की संख्या 15 और कांग्रेस में 6 हैं। रिसाली निगम में भाजपा के 10 पार्षदों को नए सिरे से जमीन तलाशनी पड़ रही है। जबकि कांग्रेस के 4 पार्षदों को दूसरी जगह से दावेदारी करनी पड़ेगी। भिलाई निगम में आरक्षण और परिसीमन की मार सबसे ज्यादा भाजपा के पार्षदों पर पड़ी है। भाजपा के कुल 11 पार्षद ऐसे हैं, जिन्हें दूसरी जगह जाकर चुनाव लड़ना पड़ेगा। जबकि चार वार्डों में उन्हें परिवार की महिलाओं को मैदान में उतरना होगा।

  • भिलाई में आरक्षण के कारण ही दोनों दलों के सामने चुनौती
  • नवगठित रिसाली निगम में पुराने चेहरे साख बचाने जूझ रहे
  • चरोदा निगम में दोनों पार्टियों के कई पार्षद अभी से मैदान से हटे

रिसाली में गड़बड़ाया भाजपाइयों का गणित
नवगठित रिसाली निगम में कांग्रेस के दिग्गजों के पास अपना परंपरागत वार्ड छोड़कर दूसरे वार्ड के दावेदारी की विकल्प बचा हुआ। लेकिन भाजपा के लिए स्थिति इसके उलट है। उन्हें नवगठित निगम की तरह ही सभी 40 वार्डों में उम्मीदवारों को उतरना होगा। करीब 10 पार्षद ऐसे हैं, जिन्हें दूसरी जगह दावेदारी करनी होगी।

चरोदा में 5 दिग्गजों के सामने संकट
भिलाई-चरोदा निगम के 40 वार्डों में आरक्षण और परिसीमन की वजह से कुल 6 निवर्तमान पार्षद चुनाव से वंचित रहेंगे। इसमें भाजपा के दो दिग्गज व कांग्रेस के तीन दिग्गज प्रभावित हुए। एक निर्दलीय पार्षद को भी अपनी दावेदारी के लिए नई जमीन तलाशनी पड़ रही है। उनके चुनाव लड़ने पर संशय बना हुआ है।


चारों निकायों में 2434 अधिकारी कराएंगे चुनाव, आरओ व एआरओ नियुक्त
जिले में नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत नगर निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा, नगर पालिका परिषद जामुल एवं नगर पंचायत उतई में निर्वाचन कार्य के संपादन के लिए रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर की नियुक्ति की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी आदेशानुसार भिलाई निगम के लिए अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर), रिसाली निगम के लिए अपर कलेक्टर नुपुर पन्ना राशि, भिलाई-चरोदा के लिए पाटन एसडीएम विपुल गुप्ता, जामुल के लिए जागेश्वर साहू और उतई के वार्ड पांच के लिए धमधा तहसीलदार प्रीतम चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 733 मतदान केंद्रों के लिए 2434 चुनाव अधिकारी तय हुए हैं।

प्रभावित वार्डों के लिए विकल्प तैयार कर रहे
आरक्षण और वार्ड परिसीमन की वजह से जो पार्षद प्रभावित हुए हैं। उनके लिए दूसरे वार्ड खोजे जा रहे हैं। वहां उनकी जीतने की संभावनाओं आंकने के बाद उम्मीदवारी तय की जाएगी। साथ ही विकल्प भी तैयार किए जा रहे हैं। जल्द बैठक होगी।
-विरेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष भिलाई भाजपा

आज पर्यवेक्षक लेंगे बैठक नए उम्मीदवारों पर विचार
भिलाई और रिसाली निगम में ऐसी ही स्थिति बन रही है। इसके लिए बेहतर विकल्प तैयार किए जा रहे हैं। नए उम्मीदवारों के लिए भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को पर्यवेक्षक बैठक लेंगे। उसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
-मुकेश चंद्राकर, जिला अध्यक्ष, भिलाई शहर कांग्रेस