अंडा से मिनीमाता चौक तक 12 किमी बनेगा फोरलेन, 1.34 करोड़ होंगे खर्च

त्वरित खबरे

ग्राम अंडा से पुलगांव मिनीमाता दुर्ग तक फोरलेन निर्माण की शुरुआत रविवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कराई। अंडा के अटल चौक में भूमिपूजन कार्यक्रम हुआ। पीडब्ल्यूडी के के मुख्य अभियंता विजय कुमार भतपहरी ने बताया कि यह फोरलेन सड़क 12 किलोमीटर की होगी, जिसकी लागत 100 करोड़ 34 लाख रुपए है। निर्माण कार्य मार्च 2023 तक पूर्ण किया जाना है।

भूमिपूजन कार्यक्रम से पहले युवा कांग्रेस ने 200 मोटरसाइकिल रैली पुलगांव से अटल चौक तक निकाली। फिर अंडा में पारंपरिक नृत्यों से कलाकारों ने मंत्री का स्वागत किया। ग्राम पुरोहित महेंद्र पांडेय ने भूमिपूजन कराया। मंत्री साहू ने कहा कि बीते 3 वर्ष में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में विकास की नई परिभाषा लिखी गई है। हम विकास की गति को और तेज करेंगे। वर्ष 2023 तक छत्तीसगढ़ को सड़क की समस्या से मुक्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि अंडा में हार्टिकल्चर और नगपुरा में कृषि महाविद्यालय खोलने पर विचार किया जाएगा।

सौंदर्यीकरण के लिए 80 लाख की घोषणा
मंत्री ने अंडा चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 80 लाख रुपए की घोषणा की। संचालन खिलेन्द्र यादव ने किया। कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष शालिनी यादव, युवा आयोग अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, केशव बंटी हरमुख, जितेंद्र साहू, जिपं सदस्ययोगिता चंद्राकर, सरपंच उमादेवी चंद्राकर, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर उपस्थित थे।