ट्विनसिटी के प्रमुख चौराहों पर डीएमएफ से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, 50 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन भी बनाए जाएंगे

त्वरित खबरे

ट्विनसिटी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। डीएमएफ से इसके लिए राशि जुटाई जाएगी। इतना ही नहीं बिना भवन के संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अब खुद का भवन होगा।

ऐसी 50 आंगनबाड़ी चिन्हित की गई है। साथ ही जिले के सबसे प्रतिष्ठित स्कूलों में से एक झाड़ूराम देवांगन स्कूल को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। यह ऐतिहासिक स्कूल है, इसका डिजाइन उसी तरह रहे और आधुनिक सुविधाओं के साथ इसे रिनोवेट किया जाएगा। मॉडल के रूप में इसे विकसित किया जाएगा। डीएमएफ शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिए गए। सोनपुर में कुम्हारों के लिए ग्लेजिंग यूनिट के लिए राशि देने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में सांसद विजय बघेल प्रमुख रूप से मौजूद थे।

छात्रावासों में होगी खेल सामग्री

जिले में संचालित छात्रावासों में खेल सामग्री डीएमएफ से जुटाई जाएगी। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर देने सहमति बनाई गई। सांसद ने कहा कि डीएमएफ राशि का प्रावधान उस समय के लिए है, जब अन्य मदों से राशि नहीं खर्च कर सकते।

मिट्टी कला को प्रोत्साहित करने एक करोड़ रुपए जारी होंगे

सोनपुर में माटीकला बोर्ड के अंतर्गत बनने वाले ग्लेजिंग यूनिट में भी सहायता राशि का प्रस्ताव रखा गया। डीएमएफ से एक करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे। कुम्हार अपने मिट्टी कला को इस यूनिट के माध्यम से आकर्षक बनाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में हाई स्कूल व हायर सेकंडरी के छात्र-छात्राओं को कैरियर में अधिक मोटिवेट करने व उन्हें उचित राह दिखाने कैरियर पुस्तिका प्रकाशित करने एवं वितरण करने का निर्णय लिया गया।

आंगनबाड़ी के भवन बनाने में खर्च होंगे 3.5 करोड़ रुपए

शहरी क्षेत्रों में भवन विहीन आंगनबाड़ी चल रहे हैं। यहां 50 आंगनबाड़ी के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसमें लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए की राशि व्यय होगी। कुपोषित बच्चों के लिए प्रोटीन युक्त अतिरिक्त आहार उपलब्ध कराने भी बजट राशि रखी गई। डीएमएफ से इस बार उतेरा फसल को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। प्रदेश सरकार कृषि में उतेरा फसल के लिए चयनित किसानों को बीज उपलब्ध कराने कहा है। इसलिए 12 लाख रुपए की राशि खर्च करने का निर्णय लिया गया।