जिले में 12 घंटे में ही 40.4 मिमी बारिश, धान की खड़ी फसल व करपा भीगा, आज छाए रहेंगे बादल

त्वरित खबरे

जिले के सभी 6 तहसील में रविवार शाम 7 से सोमवार सुबह 7 बजे तक बिना गरज-चमक के 12 घंटे में ही रुक-रुककर 40.4 मिमी बारिश हुई। भू-अभिलेख शाखा बालोद व मौसम विभाग रायपुर के मुताबिक सबसे ज्यादा गुंडरदेही तहसील में 11.6 मिमी, डौंडीलोहारा में 6.7 मिमी, अर्जुन्दा में 6.5 मिमी, डौंडी में 6.1 मिमी, बालोद में 5.2 मिमी और गुरूर तहसील में 4.3 मिमी बारिश हुई।

बारिश होने की वजह यह है कि बंगाल की खाड़ी से नमी आई। इसलिए बादल बने और जमकर बरसे। सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में दिन और रात का पारा एक-एक डिग्री कम हुआ। बारिश थमने के बाद अधिकांश समय के लिए बादल छाए रहे। मंगलवार को भी बादल छाए रहने के आसार है। इस साल 6 तहसील में नवंबर में कुल 81.9 मिमी बारिश हो चुकी है। पिछले साल 21 नवंबर को ही सिर्फ बालोद तहसील में 2.1 मिमी और डौंडीलोहारा में 2, कुल 4.1 मिमी बारिश हुई थी। पिछले साल की तुलना में इस बार नवंबर में 77.8 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है।

बारिश का असर गुंडरदेही विकासखंड में ज्यादा
किसान ठाकुरराम चंद्राकर ने बताया कि गुंडरदेही ब्लॉक में रविवार रात 2 बजे और सोमवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच ज्यादा बारिश होने से ग्राम तिलोदा, सिर्री, कोसा, तमोरा, मुंडरा, परसाही, पांगरी, हरनसिंघी, कसौंदा, राहुद, सकरौद सहित आसपास के 20 से ज्यादा गांवों में धान की खड़ी फसल और कटाई के बाद करपा भी भीग गया है। खेतों में पानी भर गया है। जिससे नुकसान तय है। फसल सड़ने की आशंका है। शासन, प्रशासन को जल्द पटवारियों से सर्वे करवाकर राहत दिलाने पहल करना चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से फरमान जारी किया गया है कि सभी तहसीलदार फसल नुकसान का आकलन पटवारियों से करवाकर रिपोर्ट सौंपेंगे। जिसके अनुसार नुकसान होने की स्थिति में किसानों को प्रावधान अनुसार सहायता राशि वितरित की जाएगी।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बिगड़ा मौसम
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि सिस्टम अब भी सक्रिय है लेकिन पहले की तुलना में असर कम रहेगा। इसलिए आज मौसम खुलने के आसार है लेकिन सुबह से शाम तक उतार-चढ़ाव होगा। वजह यह है कि बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में नमी आ रही है। जिसके कारण मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। बादल बन रहे है और बरस भी रहे है। मंगलवार को एक-दो स्थान पर हल्की बारिश होने के आसार है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इधर बेमौसम बारिश से फिलहाल किस ब्लॉक में कितना नुकसान हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सर्वे जारी है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद नुकसान का आंकड़ा सामने आ सकता है।

शादी समारोह में खलल... डीजे, स्टेज, टेंट और स्टाॅल शामियाना, कुर्सियां भीगी
रविवार रात 9.45 बजे के बाद जिला मुख्यालय के महावीर आईटीआई भवन में साहू परिवार की ओर से आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम आशीर्वाद समारोह में बारिश ने खलल डाल दिया। भवन परिसर में बारिश के बीच कुर्सियां पड़ी रही। स्थिति ऐसी रही कि स्टेज में मेहमानों के बीच फोटोशूट करा रहे दूल्हा व दुल्हन को नीचे उतरकर कमरे में जाना पड़ा। इस दौरान कई बार बिजली बंद भी हुई।
हल्की बारिश के बीच आयोजक व मेहमानों को उम्मीद थी कि जल्द बारिश का सिलसिला थमेगा फिर स्थिति पहले जैसे सामान्य हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रात 11 बजे तक बारिश का दौर जारी रहा। डीजे, स्टेज, टेंट, स्टाॅल, शामियाना, कुर्सी, कारपेट दरी व अन्य सामान भीग गए थे। बारिश न थमते देख मेहमान बारी-बारी से भवन से बिदा लेकर जाते नजर आए। बालोद के अलावा बारिश का असर खरथुली, बघमरा सहित अन्य गांवों में आयोजित शादियों पर पड़ा। जहां सामूहिक भोज कार्यक्रम चल रहा था।