महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। रविवार को किए गए इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने कंडे से चूल्हा जलाकार कढ़ाही में पानी डालकर उसमें पूड़ियां निकाली। इसेक बाद जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने वार्ड-35 शारदापारा में गैस सिलेंडर पर बैठकर बैलगाड़ी चलाई। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक एक कार्यकर्ताओं सिहत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने बताया कि केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। आज रसोई गैस और खाद्य तेल इतना महंगा है कि आम लोगों की पहुंच से बाहर हो रहा है। डीजल पेट्रोल शतक लगा रहे हैं। इसी का विरोध करते हुए उन्होंने कंडे से चूल्हा जलाकर पानी से पुड़ी बनाई। अगर लोगों ने केंद्र की भाजपा सरकार को सबक नहीं सिखाया तो आने वाला समय चूल्हा और पानी से पूड़ियां तलने वाला ही बचेगा।
चंद्राकर ने इस दौरान बैलगाड़ी में गैस सिलेंडर के ऊपर बैठकर गली गली घूमकर विरोध दर्ज कराया। उनकी बैलगाड़ी यात्रा आशादीप कॉलोनी, हनुमान मंदिर, किशन चौक, मराठी मोहल्ला, सोनकर मोहल्ला, गांधी चौक, संतोषी पारा, सांस्कृतिक भवन आदि इलाकों से निकली। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष इंजीनियर सलमान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-1 के अध्यक्ष रामा विश्वकर्मा, जिला महामंत्री समय लाल साहू, अतुलचंद साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष तुलसी साहू, तहूर पावर, मोहम्मद अकबर, अयान नवाब, देवेंद्र बघेल, उमाशंकर साहू, दुर्गा प्रसाद साहू, जी. राजू, अमरेश गिरी, शशिकांत, दुष्यंत सिन्हा, प्रभाकर जन बंधु, नईम बेग, लखनऊ राम बावनकर, धर्मेंद्र, चंद्रमणी, फैयाज, मन्नान गफ्फार खान, सलीम खान, मंगल राम साहू, हसरत भाई, डब्ल्यू यादव, अर्जुन यादव समेत अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
अब बस करो मोदी सरकार : मुकेश चंद्राकर
महंगाई के विरूद्ध निकाले गए इस जनजागरण यात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि, मोदी सरकार ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। पहले जो सामान 10 रुपए में मिलता था, वो अब 50 रुपए में मिल रहा है। तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। महंगाई को कम करने के लिए मोदी सरकार के पास कोई विजन नहीं है।