आम आदमी पार्टी ने एसपी को हटाने की रखी मांग

त्वरित खबरे

जिले में लगातार शराब, जुआ, सट्‌टा, चोरी जैसी वारदातों के साथ ही अब पुलिस की दबंगई की खबरें सामने आ रही है। इन मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को डीजीपी के नाम पत्र सौंपकर एसपी को हटाने की मांग रखी और कहा कि जिले में क्राइम अनकंट्राेल है। आरोप लगाया कि अपराधी पकड़े नहीं जा रहे हैं। जिले में कई गंभीर अपराधों की फाइल थानों में दबी पड़ी है।

हत्या, दुष्कर्म, किसानों के मोटर पंप चोरी, राशन दुकानों से चावल चोरी, महिलाओं व किसानों के साथ अत्याचार, निवेशकों के साथ अभद्र व्यवहार, पुलिस विभाग के कर्मचारियों द्वारा दुष्कर्म, किसानों के साथ मारपीट और दबंगई की घटनाएं सामने आ रही हैं।

जवाबदारी नहीं ले रहे
मानपुर में बैरियर के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। ऐसी घटनाएं एसपी के रहते हो रही हैं। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कुशल सिंह राजपूत ने बताया कि इन घटनाओं की पूरी जवाबदारी एसपी की बनती है, क्योंकि जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस पहल नहीं हो रही है। इसके चलते ही अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।

अपराध बढ़ रहे
शराब की अ‌वैध बिक्री के साथ ही शहर में हुक्का बार का संचालन हो रहा है। इस पर रोक नहीं लग रही है। इस प्रकार जिले में कई समस्याएं सामने आ रही हैं, जिसकी समस्त जवाबदारी पुलिस अधीक्षक की है। आम आदमी पार्टी राजनांदगांव ने छत्तीसगढ़ के डीजीपी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग की है, नहीं तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। ज्ञापन देने के दौरान जिला अध्यक्ष कुशल सिंह राजपूत, महिला जिला अध्यक्ष चंद्रमणि वर्मा ,संरक्षक सुरेंद्र पाल सिंह गिल, महिला उपाध्यक्ष शीला चौधरी, जिला सचिव ईशु चांदने एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।