टीवी और फिल्म एक्ट्रेस नागिन फेम मौनी राय ने कहा कि मैं पहली बार छत्तीसगढ़ और भिलाई आई हूं। मुझे यहां की मेहमानवाजी और खाना बहुत पसंद आया। यह अभी तक मेरे लिए एक बेहतर अनुभव रहा। एयरपोर्ट से उतरने के बाद लंच लिया। खाने का स्वाद बहुत बढ़िया लगा।
यहां के लोग भी अच्छे हैं। आने वाले समय में और मौका मिला तो पुन: भिलाई और छत्तीसगढ़ आऊंगी। नेहरूनगर में बने नए मीनाक्षी सेलॉन एकेमी का उद्घाटन करने के बाद दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में उन्होंने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने पर नाम और पहचान दोनों मिलती है। इसलिए कड़ी मेहनत के साथ अच्छा काम जरूरी है।
आने वाले दिनों में मेरी पेंट हाउस फिल्म आ रही
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मेरी फिल्म पेंट हाउस रिलीज होने वाली है। उसे ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज करने की तैयारी है। अगले साल मेरी एक बड़ी फिल्म ब्रह्मास्त्र आने वाली है। इसमें अमिताभ बच्चन, रणवीर कपूर, अक्किनेनी नागार्जुन और आलिया भट्ट हैं। करण जौहर ने इसका निर्माण किया है। साथ ही कुछ और प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हूं। उनकी अभी अधिकृत घोषणा नहीं की गई है, इसलिए उनके बारे में फिलहाल नहीं बता सकती।
सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी होती है
एक सवाल के जवाब में कहा कि सफलता के लिए कड़ी मेहनत के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। कड़ी मेहनत से ही यहां तक का सफर तय किया है। प्रतिभा के साथ लुक भी फोटोजेनिक और अच्छा होना जरूरी है। नई पीढ़ी जो अभिनय के क्षेत्र में आ रही हैं, उनमें प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन ईमानदारी के साथ पूरी लगन से कड़ी मेहनत करना जरूरी है। इसी से आपकी पहचान बनती है और सफलता भी मिलती है। अत: एक्टिंग, मॉडलिंग आदि में आगे आने का मौका मिलता है।
ओटीटी प्लेटफार्म पर अच्छे कंटेंट आ रहे हैं, बढ़े दर्शक
उन्होंने कहा कि अब ओटीटी प्लेटफार्म पर भी अच्छे कंटेंट आ रहे हैं। उसकी व्यू वरशिप भी लगातार बढ़ रही है। कलाकारों की पहचान घर-घर बनाने में भी उसका बहुत बड़ा योगदान है। इसमें कई चीजें ऐसी भी आ रही हैं जो निश्चित रूप से ओटीटी प्लेटफार्म को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगी। इसमें अब सभी कलाकारों की फिल्में और सीरियल आ रही हैं। सीरिज भी प्रसारित हो रही हैं, जिसे लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। थिएटर और सिनेमा हाल का अपना स्थान है।