खेलकूद:बीएसपी की टीम ने यूथ क्लब को अतिरिक्त समय में 2-1 से हराया

त्वरित खबरे

पंत स्टेडियम सेक्टर-1 में मंगलवार को बीएसपी फुटबॉल क्लब और यूथ क्लब के बीच मैच खेला गया। इसमें बीएसपी ने यूथ क्लब को 2-1 से पराजित किया। यह प्रतियोगिता दुर्ग जिला सुपर लीग फुटबॉल चैंपियनशिप-2021-22 के नाम हो रही है। पहले हाफ में बीएसपी की टीम ने रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया तो यूथ क्लब ने आक्रामक। इसका परिणाम भी खेल के 24वें मिनट पर यूथ क्लब को मिला।

टीम के शाहरुख बेग ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़ दिलाई। मध्यांतर तक बढ़त बनी रही। मध्यांतर के बाद बीएसपी ने अपनी रणनीति बदली। इससे खेल की दिशा ही बदल गई। दूसरे हाफ में 90वें मिनट में बीएसपी के शशि ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर को 1-1 से बराबर किया। स्कोर बराबर होने की वजह से दोनों टीमों को अतिरिक्त समय दिया गया।

इसमें बीएसपी के मोहित ने शानदार मूव का फायदा उठाते हुए गोल पोस्ट की ओर जोरदार शॉट लगाया। इसे रोकने में बैक पोजीशन के खिलाड़ी और गोली दोनों चूक गए। इस तरह बीएसपी की टीम ने मैच 2-1 से जीत लिया। पूरा मैच कशमकश से भरा रहा। मैच के रैफरी वी. ईश्वर राव, राहुल राज, सत्यजीत खरे और रवींद्र कुमार थे। पोस्टिंग इंचार्ज की भूमिका एसडी बर्मन ने निभाई। कल बुधवार को बीएमवाय चरोदा और यूथ ब्याज क्लब के बीच दोपहर 2.30 से मैच होगा।