एम.आई.सी -: अब बस स्टैंड के पास बनेगा स्वीमिंग पूल, बास्केटबॉल ग्राउंड समेत 6 और काम होंगे

त्वरित खबरे

भिलाई-चरोदा नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक में आने वाले दिनों में बनने वाले स्वीमिंग पुल की निविदा की दर तय की गई। इसे बनाने में 50.14 लाख रुपए खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। साथ ही बाउंड्रीवाल भी बनाई जाएगी। इसके बगल में बास्केट बॉल का ग्राउंड भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही 6 और कार्यों का अनुमोदन किया गया।

पहले स्विमिंग पुल को ओशो उपवन के पास बनाने की तैयारी थी, लेकिन पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने से इसका स्थल परिवर्तन किया गया। अब इसे सिरसा गेट के पास वसुंधरा नगर उद्यान और बस स्टैंड के बीच खाली पड़ी जमीन पर बनाने की तैयारी है। बैठक की अध्यक्षता महापौर चंद्रकांता मांडले ने की। बैठक में स्वीकृत कार्यों व स्वीमिंग पुल की निविदा तय की गई। चंद्रप्रकाश पांडेय, किशोर साहू, अपर्णा दासगुप्ता आदि उपस्थित थे।

स्वीमिंग पूल में 4 चेजिंग रूम भी बनेंगे

स्वीमिंग पुल में चार चेजिंग रूम होगा। इसमें दो पुरुष और दो महिलाओं के लिए होंगे। स्टैंडर्ड स्तर का पुल होगा। यहां प्रशिक्षक भी रखे जाएंगे, ताकि लोगों को तैराकी का सही तरीके से गुर बताया जा सके। स्वीमिंग पुल करीब 20 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल से घिरी रहेगी। यहां महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग समय रखा जाएगा।

18 को आएंगे सीएम, तैयारी जारी
18 नवंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भिलाई-3 आएंगे। यहां मंगलभवन में कार्यक्रम होगा। इसमें पट्टा वितरण, विकास कार्यों का भूमिपूजन, पुराने हो चुके कार्यों का लोकार्पण समेत विभिन्न कार्य होंगे। पिछले दिनों स्वीकृत 39 करोड़ के कार्यों को भी इसमें शामिल किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। अफसर-कर्मी तैयारी में जुटे हैं।

प्लेसमेंट सेल के जरिए कर्मियों की नियुक्ति
सबसे पहले निगम में प्लेसमेंट सेल के जरिए सफाई कर्मचारियों, अकुशल और कुशल कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति का अनुमोदन किया गया। इसकी राशि भी स्वीकृत की गई। इसके तहत 40 प्लेसमेंट कर्मचारियों के लिए 98.44 लाख रुपए, 47 अकुशल कर्मचारियों के लिए 72.21 लाख रुपए रखे गए। 30 पंप ऑपरेटरों की भी नियुक्ति की जानी है। इसके लिए 48.15 लाख का प्रावधान रखा गया। इसके अलावा अन्य विभागों में कलेक्टर दर पर नियुक्त किए जाने वाले कर्मचारियों के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया।