वेतन समझौते को इस्पात मंत्रालय ने दी मंजूरी:आज कार्मिकों के खाते में एरियर्स की राशि जमा करने की तैयारी

त्वरित खबरे

बीएसपी सहित सेल के अधिकारियों कर्मचारियों के वेतन समझौते को इस्पात मंत्रालय ने मंगलवार को मंजूरी दे दी। कंपनी के कार्मिक पिछले 20 दिनों से अधिक समय से इंतजार कर रहे थे। 1 अप्रैल 2020 से अक्टूबर 2021 तक की एरियर्स की राशि अधिकारियों कर्मचारियों के खाते में बुधवार तक जमा होने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

कर्मचारियों के वेज रिवीजन पर सेल प्रबंधन और एनजेसीएस सदस्य यूनियनों के बीच 22 अक्टूबर को समझौता हुआ था। अधिकारियों के पे रिवीजन का प्रस्ताव 28 अक्टूबर की सेल बोर्ड की बैठक में पास किया गया था। इसके बाद से अधिकारी कर्मचारी इस्पात मंत्रालय के मंजूरी का इंतजार कर रहे थे। इस्पात मंत्री ने मंगलवार को मंजूरी दे दी।

प्रबंधन ने 3 नवंबर को ही एरियर्स की राशि कार्मिकों के खाते में जमा करने की तैयारी कर ली थी, इसके लिए ग्रेडवार मिलने वाली राशि की गणना भी की जा चुकी है। कर्मचारियों को ग्रेडवार राशि 25 हजार से ढाई लाख तक मिलेगी। वही अधिकारियों को डेढ़ लाख से सात लाख तक एरियर्स की राशि मिलेगी। बीएसपी में 2000 अधिकारी और 16500 कर्मचारी कार्यरत हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से की थी चर्चा
दो दिन पहले जिले के प्रवास के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि वे इस मामले को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा करेंगे। अगले दिन ही उन्होंने इस विषय को लेकर केंद्रीय मंत्री से चर्चा की। इसे लेकर भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। एरियर्स की राशि वाली फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए सीएम भूपेश लगातार केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा भी करते रहे। सेल-बीएसपी कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे इंतजार के बाद आज वेज रिवीजन की एरियर्स राशि की फाइल पर हस्ताक्षर हो गया है।

20 दिन से ज्यादा समय करना पड़ा इंतजार
बीएसपी के कर्मचारियों को केंद्रीय इस्पातल मंत्रालय के इस निर्णय के लिए 20 दिन से ज्यादा का समय इंतजार करना पड़ा। अब 1 अप्रैल 2020 से 31 अक्टूबर 2021 के बीच की एरियर्स राशि कर्मचारियों के खातों में सीधे ट्रांसफर होगी। 22 अक्टूबर को एनजेसीएस की बैठक में इस विषय पर निर्णय हुआ था। पे रिवीजन के प्रस्ताव को 28 अक्टूबर की बैठक में पारित किया गया था। इसके बाद इसे प्रस्ताव के अंतिम सहमति के लिए केंद्रीय इस्पात मंत्रालय को भेजा गया था। जहां यह मामला अटका हुआ था। लगातार सदस्यों यूनियनों के दबाव के बाद इस पर निर्णय लिया गया।

तीन दिन के अंदर कर्मचारियों के खातों में राशि ट्रांसफर
बीएसपी के अधिकारियों ने बताया कि तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है। अगले दो से तीन दिनों के अंदर सभी कर्मचारियों के खातों में एरियर्स की राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसे लेकर केंद्रीय मंत्रालय से सेल को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। सेल के सभी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगी। बीएसपी के कर्मचारी भी इसमें शामिल हैं।