रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम तेलीगुंडरा इलाके में दो ठग ने मिलकर युवक के खाते से पैसे उड़ा लिए। युवक की पत्नी को मातृ वंदना योजना का पैसा दिलाने का झांसा देकर अकाउंट समेत अन्य दस्तावेज इंस्टेंट मैसेज एप्लीकेशन पर मंगवा लिए। इसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी का स्क्रीन शॉट मंगवाकर खाते से दो ट्रांजेक्शन करके 4 हजार रुपए निकाल लिए।
युवक की पत्नी को ठग ने खुद को महिला एवं बाल विकास विभाग का परियोजना अधिकारी बताया। योजना के तहत 6 हजार रुपए दिलाने का झांसा देकर दोनों ठग ने पैसे उड़ा लिए। ठगी के बाद ठग ने पीड़ित को कहा कि कोरोनाकाल चल रहा है। नौकरी नहीं मिल रही है, इसलिए ऑनलाइन ठगी करना पड़ रहा है। पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मातृ वंदना योजना का पैसा दिलाने का दिया झांसा
पुलिस ने बताया कि पीड़ित किशोर कुमार साहू ग्राम खोरपा में निजी फैक्ट्री में नौकरी करता है। घटना 11 नवंबर को दोपहर करीब 11 बजे की है। घटना के वक्त वह ऑफिस में था। जब वह जॉब से लौटा तो पत्नी ने फोन आने की जानकारी दी। पत्नी ने बताया कि उसके पास एक महिला का फोन आया था। उसने खुद को परियोजना अधिकारी बताया। योजना के माध्यम से मिलने वाले पैसों की जानकारी ली। इसके बाद उसने ऑनलाइन पैसा अकाउंट मेंं ट्रांसफर करने का झांसा देकर बैंक अकाउंट की डिटेल ले लिया। ठग ने चार अंक वाले ओटीपी डिजिट की जानकारी लेकर खाते से पैसे निकाल लिए। ट्रांजेक्शन का मैसेज मोबाइल पर आने के बाद ठगी का पता चला।
तीन साल में ऑनलाइन ठगी के 84 मामले दर्ज
पिछले तीन साल में जिले में ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़े हैं। वर्ष 2019 में 27, वर्ष 2020 में 35 और वर्ष 2021 में अब तक 22 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से सिर्फ 8 मामलों में ही पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई है। सायबर सेल के पास हर दिन 10 से ज्यादा शिकायतें पहुंच रहीं हैं।