सुपेला थाना क्षेत्र के न्यू कृष्णा नगर इलाके में सोमवार दोपहर डेढ़ बजे 30 वर्षीय मिथुन साव ने फांसी लगा ली। घटना के वक्त वह घर पर अकेला था। जब परिजन घर लौटे तो घटना का पता चला। प्राथमिक पूछताछ में परिजन ने बताया कि मिथुन के 8 साल के बेटे प्रियांशु का एक हफ्ते पहले एक्सीडेंट हो गया था।
इलाके में ही उसे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण प्रियांशु को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना को लेकर परिजन ने थाने में शिकायत भी नहीं की थी। इससे पुलिस को शंका है कि दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया होगा। परिजन ने बताया कि प्रियांशु का इलाज होने के बाद भी स्वास्थ में सुधार नहीं हो पा रहा था। इस वजह से मिथुन डिप्रेशन में था। यह भी पता चला कि है मिथुन आर्थिक समस्या से भी परेशान था। पुलिस के मुताबिक मिथुन सब्जी का ठेला लगाता था।