पदयात्रा की शुरुआत:सीएम भूपेश ने कहा- केंद्र ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर 32 रूपए कर दिया

त्वरित खबरे

बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर रविवार को भिलाई के पोट्टी रामुलु चौक से पदयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया गया। आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम प्रमुख रूप से शामिल हुए। सीएम ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार खुद पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर प्रदर्शन करते रही।

आज लगातार एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोत्तरी की जा रही है। ऊपर से सेस लगा दिया गया है। यूपीए सरकार पेट्रोल पर 9 रुपए व डीजल पर 3.56 रुपए एक्साइज ड्यूटी लग रहा था। इसमें केंद्र की बीजेपी सरकार ने बढ़ाकर 30 से 32 रुपए तक पहुंचा दिया है। सरकार को चाहिए कि इसे ही वापस ले ले, तो आधी महंगाई कम हो जाएगी। उन्होंने राज्य द्वारा वैट कम करने पर विचार किया जा रहा है। ताकि प्रदेश की जनता का राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रभारी सचिव चंदन यादव, स्थानीय विधायक अरुण वोरा, देवेंद्र यादव सहित अन्य प्रमुख रूप से मौजूद थे। पदयात्रा पोट्टी रामुलु चौक से शुरू होकर लाल मैदान में समाप्त हुई। जहां आमसभा हुई।

जलेबी चौक पर जलेबी का सीएम ने उठाया लुत्फ
बघेल का हेलीकाप्टर बैकुंठधाम में उतरा। जहां से सड़क मार्ग से सीएम रामुलु चौक पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुभद्रा सिंह व पार्षद सुभद्रा सिंह ने गांधी चौक पर सीएम का स्वागत किया। रामुलु चौक से पदयात्रा सुभाष चौक, गांधी चौक, लिंक रोड, फल मंडी होते हुए लाल मैदान तक पहुंची।

बीएसपी कर्मी भीख नहीं अपना अधिकार मांग रहे
बीएसपी में वेज रिवीजन को लेकर लगातार हो रही देरी को लेकर बघेल ने कहा कि यह कर्मचारियों को जायज मांग है। कर्मी कोई भीख नहीं मांग रहे हैं, यह उनका अधिकार है। वे इस बारे में जल्द इस्पात मंत्री से चर्चा करेंगे। भूपेश बघेल ने पोट्टी श्रीरामुलु चौक से लाल मैदान तक पैदल मार्च किया। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अन्य इस दौरान मौजूद थे।

पुलिस ने भीड़ को रोका, बिफरे विधायक देवेंद्र
कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या लोगों की भीड़ पहुंची थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हे पुलिस ने भीड़ को काफी दूर बेरीकेड्स लगाकर रोका। यह देख भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव बिफर गए। उन्होंने एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार को फटकार लगाते हुए कहा यदि तुरंत बेरीकेड्स नहीं हटे तो ठीक नहीं होगा। इसके बाद पुलिस ने आनन फानन में बेरीकेड्स हटाए और लोगों को कार्यक्रम स्थल तक आने दिया।

आज से पूरे जिले में पद यात्रा कर विरोध प्रदर्शन
जिले सहित पूरे प्रदेश में महंगाई के विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। 15 नवंबर से जिले के लगभग सभी हिस्सों में प्रदर्शन की तैयारी है। इसे लेकर दुर्ग में भी तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी ब्लॉक में 29 तक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 3-3 वार्डों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सुबह 9 बजे से वार्ड -30 तमेरपारा से जग जागरण अभियान पदयात्रा का प्रारंभ होटल मान के पास पहुंचेगा।

महंगाई के विरोध में यह प्रदर्शन जारी रहेगा
^पीसीसी के निर्देश पर पूरे जिले में ब्लॉक स्तर से वार्ड तक विरोध प्रदर्शन किया जाना है। महंगाई के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई से इसकी शुरुआत की। पूरे नवंबर महीने में हमारा यह अभियान जारी रहेगा। जनता के बीच पहुंचकर केंद्र की नीतियों से अवगत कराएंगे।
-मुकेश चंद्राकर, अध्यक्ष शहर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई