स्टेशन में प्लेटफार्म टिकट का शुल्क एक बार फिर कम कर 10 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा सारनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर का किराया जहां पहले 665 रुपए था, रविवार से 520 रुपए लिया गया। समता एक्सप्रेस में स्लीपर का किराया 750 रुपए ले रहे थे, अभी 560 रुपए ले रहे हैं। एसी थर्ड का किराया 1880 था, उसे 1470 रुपए किया गया है।
दुर्ग से नई दिल्ली का किराया गोंडवाना एक्सप्रेस में 665 रुपए ले रहे थे, अब 560 रुपए ले रहे हैं। आने वाले दिनों में दुर्ग से निकलने वाली और दुर्ग, पावर हाउस स्टेशन से गुजरने वाली 52 ट्रेनों का किराया कम होगा। 21 नवंबर तक इसका प्रोसीजर पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रेनों की सभी श्रेणी फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी, चेयरकार, स्लीपर और जनरल का किराया कम होगा। इसमें कम से कम 10 से 20 फीसदी तक का किराया कम हो जाएगा। कोरोनाकाल में ट्रेनों को स्पेशल नंबर दिया गया था। लोकल, पैसेंजर, डेमू और मेमू ट्रेनों को भी इसी श्रेणी में रखा गया था। सभी ट्रेनों का किराया अधिक लिया जा रहा है।
रात 11.30 से सुबह 5.30 तक नहीं होगी बुकिंग
रेलवे बोर्ड से आदेश जारी होते ही ट्रेनों की नंबरिंग को नार्मल किया जा रहा है। अभी तक स्पेशल के नाम से ट्रेनों के नंबर में सबसे आगे 0 लिखा हुआ है। इसे सुधारा जाएगा, ताकि नार्मल ट्रेन के रूप में रेलवे की वेबसाइट पर अपलोड हो सके। शनिवार 13 नवंबर की रात 11.30 से नियमित ट्रेनों की नंबरिंग का काम शुरू हो गया है। हर दिन रात को 11.30 से सुबह 5.30 तक ट्रेनों से स्पेशल ट्रेनों के नंबर हटाने और उसे नार्मल करने का काम किया जाएगा।
रात में टिकट कैंसिलेशन और करंट बुकिंग भी नहीं किया जाएगा
यात्री सेवाओं को सामान्य करने एवं सेवा को कोरोना काल के पहले पर चरणबद्ध तरीके से व्यवस्थित करने आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) को 7 दिनों तक मध्यरात्रि में कम दबाव के घंटों के दौरान 6-6 घंटे बंद किया जाएगा। 14 एवं 15 नवंबर की मध्यरात्रि से 20 एवं 21 नवंबर की रात तक 11.30 तक काम होगा।
सफर में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा अनिवार्य
कोविड-19 की स्थिति धीरे-धीरे नार्मल हो रही है। इसे देखते हुए अब स्पेशल ट्रेनों को नियमित नंबर और और नियमित किराया यानी कोरोना के पहले के किराया दर पर चलाई जाएगी। ट्रेनो में सफर करने वाले यात्रियों को अभी भी कोरोना प्रोटोकाल दो गज की दूरी, मास्क और बार-बार हाथ धोते रहने के नियम का पालन करना होगा।
रात में सिर्फ रेलवे के 139 नंबर के तहत दी जाने वाली सुविधाएं रहेंगी
रात में टिकट आरक्षण, करंट बुकिंग, टिकट कैंसिलेशन और पूछताछ आदि सेवाएं बंद रहेंगे। इस दौरान 139 नंबर के तहत दी जाने वाली सारी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इसे देखते हुए अब स्पेशल ट्रेनों को नियमित नंबर और और नियमित किराया यानी कोरोना के पहले के किराया दर पर चलाई जाएगी।
किराया कम होने से सभी यात्रियो ंको मिलेगी राहत
किराए की राशि कम होने से दुर्ग, पावर हाउस, भिलाई और कुम्हारी समेत सभी स्थानों के दैनिक और लंबी दूरी के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। कोरोना के पहले यात्रियों से सामान्य किराया लिया जा रहा था। कोविड-19 के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू करते समय ट्रेनों का किराया स्पेशल ट्रेनो ंकी तरह बढ़ा दिया गया था। कुछ ट्रेनों के किराए में 10 फीसदी वृद्धि की गई तो कुछ में 40 फीसदी तक बढ़ा दी गई। लोकल में यात्रियों को 2-3 गुना किराया देना पड़ा।
सामान्य किराया लागू करने में लगेगा एक हफ्ता
रेलवे बोर्ड से जारी आदेश के अनुसार काम शुरू हो गया है। ट्रेनों के नए नंबर फीड किए जा रहे हैं। इसमें करीब एक सप्ताह लग सकता है। रात 11.30 से सुबह 5.30 तक बुकिंग नहीं की जाएगी। 20 तक प्रक्रिया पूरी हो जाएगा। फिर बोर्ड की अनुमति से कम किराया लिया जा सकेगा।
-डॉ. विपिन वैष्णव, सीनियर डीसीएम रायपुर