बारिश का एक नया रिकाॅर्ड-:8 साल बाद 13 नवंबर को ट्विनसिटी में पड़ी बौछारें, 18 व 19 को अलर्ट

त्वरित खबरे

नवंबर माह में ट्विनसिटी में बारिश का एक नया रिकाॅर्ड बना है। इस बार 13 नवंबर को 0.8 मिमी बारिश हुई है। इससे पहले 2013 में इसी दिन 0.4 मिमी पानी गिरा था। यह एक दिन का रिकॉर्ड है। वैसे पिछले साल 22 नवंबर को 17.4 मिमी बरसात हुई थी। विभाग के अनुसार अभी गंगा के तराई वाले इलाके में सिस्टम बना है।

इसकी वजह से आने वाले 18 और 19 नवंबर को तेज बारिश के आसार हैं। तब तक आकाश में बादलों की उपस्थिति रहेगी। इधर हवा की दिशा दक्षिण पूर्व होने की वजह से ट्विनसिटी में शुक्रवार की शाम को भी फुहारें पड़ीं थीं। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। 11.30 के बाद अलग-अलग जगहों पर हल्की फुहारें पड़ती रहीं। बादलों की वजह से ही दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई है। वहीं रात के पारे में वृद्धि हुई है। अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री के साथ सामान्य से 1 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री के साथ सामान्य से 3 डिग्री ऊपर चल रहा है।

अवदाब से हो सकती है भारी बारिश दोनों दिनों के लिए अलर्ट किया जारी
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा थाईलैंड और उसके आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर स्थित है। इससे एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रबल होकर और अवदाब के रूप में उत्तरी अंडमान सागर और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 15 नवंबर को पहुंचने की संभावना है। फिर यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और प्रबल होकर आंध्रप्रदेश के तट पर उसके अगले 48 घंटे में पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 18 और 19 नवंबर को अधिक बारिश हो सकती है।

बीते 46 सालों से अब तक नवंबर के मौसम का रिकाॅर्ड

  • नवंबर महीने में सर्वाधिक तापमान :- 38.3 डिग्री रहा 3 नवंबर 1975 में।
  • नवंबर महीने में सबसे कम पारा:- 09 डिग्री रहा 30 नवंबर 1975 में
  • नवंबर में अधिक बारिश:-59.6 मिमी, 26 नवंबर 1972 को।
  • नवंबर माह में सबसे अधिक बारिश :- 2009 में हुई थी 92.5 मिमी बारिश
  • पिछले 10 साल में एक दिन में बारिश:- वर्ष 2020 में 22 तारीख को 17.4 मिमी।