जांजगीर चांपा: बेटियों के शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सुकन्या समृद्धि योजना है, जिसकी शुरुआत 2015 में हुई है. इस योजना के अंतर्गत पेरेंट्स अपनी बच्ची की अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए खाता खुलवा सकते हैं. पोस्ट ऑफिस जांजगीर की GDS शशिकिरण राठौर ने local 18 को बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो 2015 से प्रारंभ हुई है. जिसमें निम्न और मध्यम वर्गीय परिवार इसका लाभ ले सकते हैं. इसके अंतर्गत 10 साल तक के बच्चियों के लिए किसी भी पोस्ट ऑफिस में सुकन्या समृद्धि योजना का अकाउंट खुलवा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना का अकाउंट खुलवाने के लिए पोस्ट ऑफिस में एक फॉर्म दिया जाएगा. जिसको भरकर उसके साथ में बच्ची (बेटी) के आधार कार्ड की फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो लगाना होगी. इसके साथ ही पेरेंट्स में माता या दोनों में से किसी एक का आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो लगेगी. वहीं, अकाउंट खुलवाने के लिए मिनिमम 250 रुपए से खुलवा सकते हैं. वहीं, एक साल में अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपए तक जमा कर सकते हैं.