दुर्ग IG की क्लास कहा- देख लें जुए-नशे का कारोबार तो क्षेत्र में नहीं; लटके मामलों के बारे में पूछा तो थानेदारों ने साधी चुप्पी

त्वरित खबरे

दुर्ग संभाग के नव पदस्थ आईजी ओपी पाल ने शुक्रवार को दुर्ग जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग बुलाई। पुलिस कंट्रोल रूम में ली गई बैठक में आईजी ने साफ कर दिया कि उनके रहते जिले में किसी भी प्रकार का कोई गैर कानूनी कार्य नहीं चलेगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि वह अपने थाना क्षेत्रों में देख लें कि कहीं भी जुआ सट्टा, नशे की दवा, कबाड़, अवैध शराब और हुक्का बार की गतिविधि तो नहीं चल रही हैं। यदि है तो उस पर सख्त कार्रवाई करें। इसके बाद अगर उन्हें शिकायत मिली तो सही नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने चिटफंड के फरार डायरेक्टर को जल्द गिरफ्तार करने के भी निर्देश दिए।

क्राइम मीटिंग में आईजी सबसे पहले सभी का परिचय जाना। इसके बाद उन्होंने सिलसिलेवार समस्त थानों में पंजीबद्ध अपराध, मर्ग, गुम इंसान और अन्य शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित रहने के कारणों के निराकरण को लेकर सवाल पूछा तो सभी थानेदार चुप्पी साधकर बैठ गए। इसके बाद आईजी ने सभी लंबित प्रकरणों को हल करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने चिटफंड कंपनियों पर नकेल कसने और उनके फरार डाक्टरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। साथ ही जिले में संचालित हुक्का बार पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

सामाजिक बुराई से जुड़े अपराध नहीं होंगे बर्दाश्त

आईजी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी नशीली दवाएं, अवैध शराब, गांजा के खरीदी व बिक्री करने वाले लोगों पर नजर रखें। इतना ही नहीं सामाजिक बुराइयों से जुड़े अपराध जैसे जुआ व सट्टा इत्यादि पर पूर्ण नियंत्रण लगाएं। ऐसे अपराध को शिकायत वह कतई बरदाश्त नहीं करेंगे।

सोशल मीडिया पर बनाए रखे नजर

क्राइम मीटिंग के दौरान आईजी ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से सांप्रदायिक माहौल को खराब करने एवं दंगे फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करें।

यह लोग रहे मौजूद

क्राइम मीटिंग में एसएसपी दुर्ग बीएन मीणा, एएसपी सिटी संजय ध्रुव, एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई-3 विश्वास चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अभिषेक झा, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश जोशी, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेंद्र यादव, एसडीओपी पाटन देवांश सिंह राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी कौशलेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक अपराध नसरुल्लाह सिद्दीकी, उप पुलिस अधीक्षक पुलिस लाइन निलेश द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग सहित समस्त थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।