मानपुर प्रखंड के शहरी क्षेत्र में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दो नर्तकी हाथ में तमंचा लहराते हुए नृत्य का कार्यक्रम पेश कर रही है। नियमों को ठेंगा दिखाते हुए रिकॉर्डिंग गाने पर कार्यक्रम पेश किये जा रहे है और इसके बीच तमंचे का भी प्रदर्शन हो रहा है। 30 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में दो नर्तकियां दो अलग-अलग हथियार लहराते हुए डांस कर रही है। स्टेज के पीछे खड़े कुछ युवक वीडियो बनाने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि इस तरह का आयोजन एक कुख्यात के द्वारा किया गया था।
वायरल वीडियो मुफस्सिल थाना से महज आधा किमी की दूरी पर स्थित गांधी नगर गोरैया स्थान मोहल्ले का है। यहां दीपावली व छठ के समापन पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आयोजक के कुख्यात होने के कारण मोहल्ले में किसी ने इसका विरोध करने का साहस नहीं किया। जानकारी के मुताबिक गांधी नगर गोरैयास्थान में डांस कार्यक्रम को लेकर हजारों खर्च कर पांच नर्तकियों को बुलाया गया था। पूरी रात रिकार्डिंग गानों पर नर्तकियों के ठुमके लगते रहे।
एसएसपी ने पिकेट बनाया, नहीं हो रहा कारगर
हाल के दिनों में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को देखते हुए एसएसपी आदित्य कुमार द्वारा कुम्हरटोली में पुलिस पिकेट की स्थापना की गई है। इसके बावजूद इस तरह का मामला बता रहा, कि पुलिस पिकेट कारगर साबित नहीं हो रहा। वहीं एक शख्स की मानें तापे कार्यक्रम शुरू होते ही स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी, किन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष ने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए मामले की जांच कराने की बात बताई।