बीएसपी प्लांट के अंदर दो और मॉडल कैंटीन खुलेंगे, जल्द शुरू होगी प्रक्रिया

त्वरित खबरे

बीएसपी में प्लांट के अंदर दो मॉडल कैंटीन खुलेंगे। इसके लिए जगह का चयन कर लिया गया है। वहीं इस्पात भवन की कैंटीन में खाद्य सामग्रियों के दाम कम किए जाने के बाद यहां ग्राहकों का प्रेशर बढ़ गया है। बीएसपी में प्लांट के अंदर पूर्व में 42 और बाहर 4 कैंटीन संचालित की जा रही थी‌।

बाद में प्लांट के अंदर की 4 कैंटीनों को बंद कर दिया गया, जिसके बाद यहां अब 38 कैंटीनें ही संचालित हो रही हैं। सभी कैंटीन निजी कैटरर्स के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। अब प्रबंधन ने यहां दो और कैंटीन खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। एक कैंटीन 4 नंबर बिल्डिंग (टीएंडडी) ऑफिस के पास एवं आरएमपी -2 के पास प्रोजेक्ट बिल्डिंग में खोली जाएगी। यह जानकारी इंटक के प्रतिनिधि मंडल को ईडी वर्क्स अंजनी कुमार ने दी। हालांकि यूनियन ने 4 नई कैंटीनें शुरू करने की मांग की है। अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दो खुलने वाली नई कैंटीनों का संचालन इंडियन कॉफी हाउस से कराया जाएगा या प्राइवेट कैटरर्स को ठेके पर दिया जाएगा। इस्पात भवन कैंटीन में ग्राहक बढ़ने लगे हैं।