भले ही बाजार में खाद्य सामग्रियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन इस्पात भवन के काफी हाउस में नाश्ता और खाने का दाम आधा कर दिया गया है। ऐसा इसलिए संभव हो पाया क्योंकि अब कॉफी हाउस के स्टाफ का वेतन भुगतान बीएसपी प्रबंधन करेगा। बीएसपी प्रबंधन और इंडियन काफी हाउस सोसाइटी के बीच नया अनुबंध होने के बाद 11 नवंबर से खाद्य सामग्रियों के नए दाम लागू हो गए।
कार्मिकों को दिखाना होगा गेट पास
इस्पात भवन के कैंटीन में खाद्य सामग्रियों के दाम घटने के बाद यहां लोगों को भीड़ बढ़ सकती है। इसे नियंत्रित करने का भी प्रबंधन ने उपाए ढूंढ लिया है। इस सब्सिडी का लाभ बीएसपी के अधिकारी-कर्मचारी ही उठा सके, इसके लिए कैंटीन के काउंटर में गेट पास दिखाए जाने का प्रावधान किया जा रहा है। यानि कुछ समय बाद सब्सिडी का लाभ बाहरी लोगों को नहीं मिलेगा। लंबे समय बाद प्रबंधन ने कैंटीन के सामानों के दाम कम किए गए हैं। कैंटीन के खाद्य सामग्रियों को लेकर इंडियन कॉफी हाउस से अनुबंध किया गया है।
भिलाई निवास में भी कैंटीन संचालित
भिलाई निवास के कैंटीन का संचालन भी इंडियन काफी हाउस सोसाइटी के पास है। यहां के स्टाफ का भी वेतन भुगतान बीएसपी प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है। भिलाई निवास में लंबे समय तक कैंटीन की सुविधा बंद थी।