बढ़ने लगी ठिठुरन:लगातार तीन दिन से रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे, अगले 48 घंटों में मौसम में बदलाव के आसार, और बढ़ेगी ठंड

त्वरित खबरे

उत्तर से ठंडी हवाएं आने के कारण तीन दिन से ट्विनसिटी में रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। शाम को नमी की मात्रा भी काफी कम रहने लगी है। इसी वजह से 10 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। 8 और 9 नवंबर को रात का पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की दिशा बदल कर दक्षिण पूर्वी हो रही है। इसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे।

सुबह 5.30 से 2.30 तक पारे में हुई 19.2 डिग्री की वृद्धि

बुधवार को सुबह 5.30 बजे पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सूरज उगने के साथ इसमें धीरे-धीरे इजाफा होने लगा। सुबह 7.30 को पारा 14 डिग्री रहा। 9.30 तक इसमें 5 डिग्री की वृद्धि हुई और तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 11.30 तक पारा 24.6 डिग्री और दोपहर 1.30 तक पारा 28.8 डिग्री तक पहुंच गया था। दोपहर 2.30 बजे दिन का पारा 31.6 डिग्री दर्ज किया गया।

शाम से सुबह तक हर घंटे 1.4 डिग्री तक गिरा पारा
मंगलवार को दोपहर 2.30 बजे दिन का तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं बुधवार को सुबह 5.30 बजे 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस तरह 14 घंटे में तापमान में 19.8 डिग्री की कमी आई। हर घंटे औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस पारा गिरता रहा। इस तरह इन दिनों दिन में न केवल तेजी से पारा चढ़ रहा है, बल्कि रात में तेजी से गिर भी रहा है। इस वजह से ठंड बढ़ी है।

दो कारणों से पारे में तेजी से हो रहा है उतार-चढ़ाव
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि दिन में पारा के चढ़ने के दो कारण होते हैं। इसमें एक है सूर्य के प्रकाश का विकिरण और पृथ्वी का अपना तापमान। इन दोनों के मिलने से तापमान में तेजी से वृद्धि होती है। इसे एक्सपोमेंशियल राइस कहते हैं। वहीं दोपहर बाद सूर्य की तेजी में कमी आने लगती है। शाम को सिर्फ पृथ्वी का तापमान ही रह जाता है।