सुपेला पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में मंगलवार की रात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके पहले उक्त मामले में कर्नाटक की बेंगलुरु पुलिस ने वर्ष 2020 में केस दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट (फार) लगाकर केस डायरी राजस्थान पुलिस को सौंप दी। राजस्थान के टोंक पुलिस ने केस डायरी के आधार पर दूसरी बार केस दर्ज किया। पुलिस ने जांच की,आरोपी नहीं मिला तो फाइनल रिपोर्ट लगाकर डायरी छत्तीसगढ़ पुलिस को भेज दी।
अब पूरे मामले में सुपेला पुलिस नए सिरे से जांच करेंगी। इसकी सबसे बड़ी वजह यह कि नाबालिग ने घटना स्थल सुपेला के घड़ी चौक को बताया है। जिसके कारण पुलिस को अज्ञात के खिलाफ धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2019 में 17 वर्षीय नाबालिग अपने परिजन के साथ काम के सिलसिले में भिलाई आई थी। वह घड़ी चौक के पास रहती थी। अगस्त से अक्टूबर महीने के बाद उसके साथ अज्ञात आरोपी ने ज्यादती की।
इसके बाद वह अपने परिवार के साथ बेंगलुरु शिफ्ट हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन नाबालिग को लेकर बेंगलुरु के अस्पताल ले गए। यहां नाबालिग ने एक बच्ची को जन्म दिया। उसके नाबालिग होने के कारण सूचना पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया। पीड़िता का मूल निवास राजस्थान होने के कारण केस डायरी वहां के स्थानीय थाने भेज दी गई। अब डायरी सुपेला पहुंची है। टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।