छत्तीसगढ़ टीम ने उत्तराखंड को 7 विकेट से हराया

त्वरित खबरे

सेक्टर-10 बीएसपी ग्राउंड में छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के बीच चार अभ्यास मैचों के सीरिज का पहला मैच खेला गया। इसमें छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 7 विकेट से हराया। मैच में छत्तीसगढ़ के नमन ध्रुव ने 5 और शुभम सिंह ने 4 विकेट लिए। शिवम सिद्धार्थ अग्रवाल को एक विकेट मिला। इससे पहले उत्तराखंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। छत्तीसगढ़ की कसी हुई गेंदबाजी के सामने उत्तराखंड का कोई भी बल्लेबाज पिच पर लंबे समय तक टिक नहीं पाया। पूरी टीम 33.2 ओवर में 127 रन बनाकर सिमट गई। विजय शर्मा ने 30, कमल सान्याल ने 20 रन बनाए।

25 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया लक्ष्य
जवाबी पारी खेलने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी की। अच्छी गेंदों का पूरा सम्मान किया, वहीं खराब गेंदों पर जोरदार शॉट्स लगाए। इसी वजह से 25 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर जीत लिए जरूरी 128 रन बना लिए। छग के आशीष पांडेय ने अर्धशतक लगाते हुए 57 रन बनाए। प्रतीक यादव ने 16 रनों का योगदान दिया। आयुष पांडेय 31 और कप्तान आनंद राव 11 रन बनाकर नाबाद रहे। उत्तराखंड के जगमोहन नगरकोटी, हरमन सिंह और आशीष चौधरी ने 1-1 विकेट लिए। मैच का दूसरा मैच मंगलवार को खेला जाएगा।