स्टूडेंट्स की पढ़ाई प्रभावित, कलेक्टर को बताई परेशानी

त्वरित खबरे

शुक्रवार को गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन ने मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिसमे बताया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा 2019 के सभी विषयों की चयन सूची 10 अगस्त 2021 तक जारी कर दी गई हैं। अधिकांश कालेजाें में पद रिक्त हैं व पढ़ाई बाधित हैं। ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राओं का भविष्य संकटमय हो रहा हैं। छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए चयनित सहायक प्राध्यापकों की पदस्थापना किया जाए।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डौंडी व आदर्श भारती विद्यालय अर्जुन्दा का भी मुद्दा उठाया। शासन की नवीन योजना पूरे प्रदेश भर के स्कूलों में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोला जा रहा हैं। जिसके लिए हिंदी मीडियम के शासकीय स्कूलों को परिवर्तित किया जा रहा हैं, अगर हिंदी मीडियम के स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदला जाता हैं तो सिलेबस का माध्यम बदलने से इसका सीधा प्रभाव वहां कक्षा 1 से 11वीं तक पढ़ते आ रहें छात्र-छात्राओं के ऊपर पड़ेगा। वर्तमान में डौंडी की कन्या हायर सेकंडरी स्कूल को अंग्रेजी माध्यम के लिए तैयार किया जा रहा है।

जिसके चलते 9 से 12 वीं तक की कक्षा इस सत्र से सामुदायिक भवन में संचालित किया जा रहा है। किसी भी शासकीय हिंदी मीडियम को इंग्लिश मीडियम में परिवर्तित न किया जाए, हिंदी मीडियम के स्कूलों को यथावत रखा जाए। इंग्लिश मीडियम के लिए अन्य भवनों या अलग स्कूल खोला जाए। ज्ञापन सौंपने जीएसयू बालोद के जिला सचिव सुनील कोरेटी, जिला प्रवक्ता भीष्म कुंजाम, डौंडी ब्लाॅक अध्यक्ष चमन पडोटी, संयोजक देव कोर्राम, कोषाध्यक्ष राधिका हिडको, तुलेश्वर हिचामी, बालोद ब्लाॅक संयोजक नुकेश्वरी नेताम उपस्थित थे।