भिलाई- टाउनशिप की सड़कों पर कार और बाइक रेस करने वाले मनचलों पर दुर्ग पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। बीती रात एक कार 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आई और 7-8 फिट हवा में उछलकर सेक्टर 8 चौक के घेरे को तोड़ते हुए घुस गई। इसमें तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। भिलाई नगर पुलिस कार को जब्त कर जांच कर रही है।
भिलाई नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना रविवार सोमवार देर रात 1.30 बजे की है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार CG 07 BU 3784 में तीन लोग सवार थे। कार ग्लोब चौक से लगभग 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आई। चालक और उसके साथी नशे में थे। इससे चालक गाड़ी को कंट्रोल नहीं कर पाया और चौक से टकरा दिया। टकराते ही कार हवा में 7-8 फिट ऊंचाई तक उछली और लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए बड़े गोल चौक के अंदर जा घुसी। कार ने चौक के अंदर लगे फव्वारे को भी तोड़ दिया। सूचना पाकर जब तक भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंचती पीछे आ रही दूसरी कार के लड़कों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक कार चालक शराब के नशे में था। कार किसी घनश्याम सिंह सेंगर के नाम पर रजिस्टर्ड है।
हर दिन शाम और रात में मनचले करते हैं रेसिंग
आपको बता दें कि भिलाई टाउनशिप में सेक्टर 1 से लेकर सेक्टर 9 को जोड़ने वाली सेंट्रल एवेन्यू रोड सबसे व्यस्त रोड है। इस सड़क में टाउनशिप के रहवासियों का आना जाना जाता होता है। यहां हर दिन शाम को मनचले हाईस्पीड बाइक और कार को लेकर रेस लड़ाते हैं। इतना ही नहीं इसी रोड पर सेक्टर 6 में पुलिस कंट्रोल रूम और भिलाई नगर थाना है। यहां एसपी, एएसपी, सीएसपी से लेकर टीआई स्तर के अधिकारी बैठते हैं। इनके सामने रेस होने के बाद भी पुलिस इन पर लगाम नहीं लगा पा रही है।