पशु पालन और पशु चिकित्सा में डिग्री (बीव्हीएससी एंड एएच) करने के लिए कामधेनु विवि से संचालित वेटरनरी कॉलेज में प्रवेश के लिए 420 से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया है। पंजीयन की प्रक्रिया 1 से 16 अगस्त तक चली। पंजीकृत सभी उम्मीदवारों के नाम श्रेणीवार कामधेनु विवि की वेबसाइट www.cgkv.ac.in पर अपलोड कर दिया गया है।
सूची 28 तारीख तक इसमें रहेगी। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होती है तो उम्मीदवार 21 से 23 अगस्त तक गलतियां सुधार सकेंगे। इसके बाद आवेदन में सुधार करने का मौका नहीं दिया जाएगा। त्रुटि सुधार के लिए http://cgkvmis.cg.ni c.in लिंक दिया गया है।
आवेदकों के देखने के लिए जारी सूची में सभी जानकारियां जैसे कि नाम, पिता का नाम, श्रेणी वर्ग, जन्म-तिथि, नीट में मिले अंक, प्रावीण्यता सूची आदि आवेदकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ही है। आवेदनों में नाम और जन्मतिथि 10वीं की अंकसूची के अनुसार होना अनिवार्य है।
दस्तावेजों का सत्यापन महाविद्यालय में होगा
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दिलीप चौधरी ने बताया कि अंतिम प्रावीण्यता सूची में दी गई जानकारियों एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन महाविद्यालय स्तर पर होने वाली प्रवेश प्रक्रिया के समय की जाएगी। सत्यापन के समय विसंगति पाए जाने पर उम्मीदवार का नाम प्रावीण्यता सूची से अलग कर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को अलग से पत्र नहीं भेजा जाएगा, वेबसाइट में देखकर 31 अगस्त को सुबह 10 बजे उन्हें कामधेनु विवि स्थित वेटरनरी कॉलेज में उपस्थित होना होगा।
समय पर उपस्थित नहीं हुए तो सीट अगले उम्मीदवार को दे देंगे
इसके बाद भी खाली रहने वाली सीटों में 27 सितंबर को प्रवेश दिया जाएगा। समय पर उपस्थित नहीं होने पर संबंधित उम्मीदवारों की सीट अगले उम्मीदवार को दे दी जाएगी। इसकी सारी जिम्मेदारी उम्मीदवार की होगी। प्रवेश से संबंधित अन्य जानकारी के लिए कामधेनु विवि की वेबसाइट का अवलोकन करते रहना होगा।
वेटरनरी में बीवीएमएस एंड एएच की 80 सीटें
अंजोरा वेटरनरी कॉलेज में पशुचिकित्सा और पशु पालन की कुल 80 सीटें हैं। इसमें 64 सीटें स्टेट कोटे की हैं। 4 सीटों को विभागीय कर्मचारियों के बच्चों के लिए सुरक्षित रखा गया है। 12 सीटें ऑल इंडिया कोटे के लिए रखा गया है। इसमें प्रवेश के लिए नीट में क्वालिफाई होने की पात्रता रखी गई है। इसी आधार पर उम्मीदवारों के पंजीयन कराए गए हैं।