दुर्ग- शिवनाथ नदी तट के मुक्तिधाम समेत दुर्ग शहर के सभी मुक्तिधाम में अब अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और कंडा निशुल्क दिया जाएगा। इसकी शुरुआत शनिवार से हो गई है। विधायक अरूण वोरा के मार्गदर्शन में मेयर धीरज बाकलीवाल ने इसकी घोषणा बजट की सामान्य सभा में की थी। अंतिम संस्कार के दौरान सभी वर्गों को निःशुल्क लकड़ी व कंडा दिए जाने से मृतक के परिवार को काफी राहत मिलेगी। योजना का लाभ नगर निगम क्षेत्र में निवासरत मृतक के परिवार को मिलेगा। निगम ने इस संबंध में निविदा जारी कर कार्यादेश जारी कर दिया गया है। दाह संस्कार के दौरान प्रत्येक शव पर 2200 रुपए का खर्च आएगा। शव दाह के लिए 3 क्विंटल लकड़ी और 200 नग कंडा निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। शिवनाथ नदी मुक्तिधाम, हरनाबांधा मुक्तिधाम में ठेकेदार द्वारा लकड़ी व कंडा की व्यवस्था रखी जाएगी। शेष स्थानों उरला, रायपुर नाका, पोटियाकला मुक्तिधाम के लिए जरूरत के अनुसार मांग आने पर निगम के कर्मचारी द्वारा कूपन जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर ठेकेदार लकड़ी व कंडा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए निविदाकार या ठेकेदार एक रजिस्टर मेंटेन करेगा।