फिर से उड़ान भरेगी जेट एयरवेज, 2022 में शुरू होंगी फ्लाइट्स

त्वरित खबरे

नई दिल्ली, जेट एयरवेज (Jet Airways) जल्द ही उड़ान भरने की तैयारी कर रही है. कंपनी 2022 की पहली तिमाही तक घरेलू विमान सेवाएं फिर से शुरू करेगी. इसके बाद में 2022 के आखिरी तक छोटी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी शुरुआत कर दी जाएगी. एयरलाइन के अधिग्रहण के लिए सफल बोली लगाने वाले जालान कालरॉक कंसोर्टियम (Jalan Kalrock Consortium) ने इस बारे में जानकारी दी है.

जालान कालरॉक कंसोर्टियम (Jalan Kalrock Consortium) के मुताबिक, जेट एयरवेज की पहली उड़ान दिल्ली-मुंबई मार्ग पर होगी और एयरलाइन का मुख्यालय मुंबई के बजाय अब दिल्ली में होगा. गौरतलब है कि राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) ने इस साल जून में जेट एयरवेज के लिए जालान कालरॉक गठजोड़ की समाधान योजना को मंजूरी दी थी. दो साल पहले कंपनी के दिवाला समाधान के लिए कार्यवाही शुरू हुई थी.

कंपनी का लक्ष्य

जालान कालरॉक कंसोर्टियम के प्रमुख सदस्य मुरारी लाल जालान ने कहा, “जेट एयरवेज 2.0 का लक्ष्य 2022 की पहली तिमाही तक घरेलू परिचालन और 2022 की तीसरी/चौथी तिमाही तक अंतर्राष्ट्रीय परिचालन को फिर से शुरू करना है.” उन्होंने कहा कि जालान की योजना तीन साल में 50 से अधिक विमान और पांच साल में 100 से अधिक विमानों का बेड़ा तैयार करने है, जो गठजोड़ की अल्पकालिक और दीर्घकालिक व्यापार योजना के लिहाज से पूरी तरह उपयुक्त है.

2019 में बंद हुआ था संचालन

साल 2019 में जेट एयरवेज का संचालन बंद हो गया था. कंपनी को अपनी सभी फ्लाइट्स का संचालन बंद करना पड़ा था. फिलहाल नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने इस साल जून में जेट एयरवेज के लिए जालान कालरॉक कंसोर्टियम की समाधान योजना को मंजूरी दी थी. दो साल पहले कंपनी के दिवाला समाधान के लिए कार्यवाही शुरू हुई थी.