दुर्ग १८ अप्रैल PWD के मनमाना निर्माण से नगर निगम और आम जनता काफी परेशान है। ठेकेदार कहीं भी बेतरतीब खुदाई कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने जेसीबी से खुदाई करके तीन जगहों पर पाइप लाइन को फोड़ दिया। इससे 1 लाख लीटर पानी बर्बाद हो गया। इससे भीषण गर्मी में जल संकट खड़ा हो गया। शिकायत मिलने पर विधायक अरुण वोरा और निगम के अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे।
दुर्ग निगम के मुताबिक पीडब्ल्यूडी के द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। अधिकारी और ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं। इनकी लापरवाही के चलते कई बार निगम की पाइप लाइन फूट चुकी हैं। शनिवार रात से लेकर रविवार सुबह तक पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने लापरवाही की हदें पार कर दी। इनके द्वारा मालवीय नगर, गंजपारा और जिला अस्पताल के सामने पाइप लाइन को फोड़ दिया गया। इसके चलते लगभग एक लाख लीटर पानी बह गया और लोगों के घरों के नल में पानी नहीं आया। इस वजह से दुर्ग में रविवार सुबह दीपक नगर मालवीय में पानी नहीं आया। इससे लोगों में खासी नाराजगी दिखी। लोगों की समस्या को देखते हुए विधायक अरुण वोरा सुबह से ही निरीक्षण पर निकले। इसके बाद निगम के जल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन फानन में पाइप लाइन को सुधारने का कार्य किया गया।
कार्रवाई करने कलेक्टर को लिखेंगे पत्र
निगम कमिश्नर हरेश मंडावी का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की लापरवाही से पाइप लाइन फूट चुकी है। इसमें निगम के इंजीनियर पूरी तरह से लापरवाही सामने आ रही है। वह पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखेंगे।