अलीगढ़। 6 अप्रैल अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में प्रोफेसर का हिंदू देवी-देवताओं के चरित्र पर सवाल उठाना भारी पड़ गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया। पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। वहीं, इस मामले ने तूल पकड़ा तो आरोपी प्रोफेसर ने बिना शर्त माफी मांग ली। हालांकि, मामला अभी काफी तूल पकड़ चुका है। विश्वविद्यालय प्रशासन और फैकल्टी ऑफ मेडिसिन विभाग ने इस मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
मामला अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग का है। विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार पांच अप्रैल की रात 8 बजे सेक्सुअल ऑफेंस विषय पर लेक्चर दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने रेप के पौराणिक संदर्भों पर एक स्लाइड शो पेश किया। इसमें उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी की। कई मनगणत्र संदर्भों को उन्होंने रेप से जोड़कर पेश किया तो छात्रों ने उसी दौरान हंगामा शुरू कर दिया।
डॉ. जितेंद्र कुमार के स्लाइड शो की शिकायत एएमयू के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से की। पहले इस संबंध में फैकल्टी ऑफ मेडिसिन के डीन प्रो. राकेश भार्गव को जानकारी दी गई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले पर कार्रवाई की है। प्रो. राकेश भार्गव की अनुशंसा पर दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। यह कमेटी डॉ. जितेंद्र कुमार पर लगे तमाम आरोपों की तहकीकात करेगी। अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी। इसमें वह आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करेगी।