नीट-2026: दुर्ग के 19 केंद्रों में 6,939 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। नीट-2026 परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली नीट-2026 परीक्षा में कुल 6,939 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एसओपी का कड़ाई से पालन करते हुए गंभीरता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

परीक्षा के निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के कोचिंग सेंटर संचालित नहीं होंगे। वहीं केंद्र परिसर में टेंट, एलईडी और अन्य अनावश्यक व्यवस्थाओं पर भी रोक रहेगी।

परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र में दो-दो पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी, जो ग्लूकोज पैकेट, बीपी मशीन और सामान्य दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।

नीट-2026 परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी प्रकार का पाउच, ज्वेलरी, अंगूठी, चैन, डिजिटल वॉच, जूते, मोजे, धातुयुक्त वस्तुएं और हाई हील चप्पल प्रतिबंधित रहेंगी। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने की अनुमति होगी। विद्यार्थियों की पहचान थंब इम्प्रेशन के माध्यम से की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षार्थियों को अपरान्ह 1:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश दिलाया जाए, ताकि समय को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षार्थियों के बैग रखने के लिए प्रवेश द्वार से पहले अलग कक्ष आरक्षित किया जाएगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों के आसपास अभिभावकों के ठहरने के लिए उपलब्ध शासकीय परिसरों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।