दुर्ग: घर में चोरी का खुलासा, 3 चोर और जेवर खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग ,जिले के पाटन थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर और नगदी सहित कुल 1.43 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में चोरी की घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम गठित की गई थी, जो संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रख रही थी।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 19 जून को संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेच दिए थे।

पुलिस ने आरोपियों और खरीदार महिला के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग और 10 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1.43 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में मानषु टंडन (20), निवासी ग्राम तर्रीघाट, अजित बंधेल (21) और खिलेश्वर पटेल (23), दोनों निवासी ग्राम सावनी, थाना पाटन शामिल हैं। वहीं चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में रायपुर के चंगोराभाठा निवासी सिल्की देवांगन (33) को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।