भिलाई। मोहर्रम पर्व की तैयारियों के दौरान ईदगाह परिसर की दीवारों की पुताई और रंग-रोगन को लेकर हुए विवाद में प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को लाल मैदान, सेक्टर-06 स्थित ईदगाह परिसर में मोहर्रम के मद्देनजर दीवारों की पुताई और रंग-रोगन संबंधी कार्यों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने प्रार्थी पर हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला कर दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही थाना भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत धारा 109(1), 296 और 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी वसीम परवेज उर्फ राजा (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-06, भिलाई नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से करें। कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर की विवेचना टीम और पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।