सुपेला में शराब के नशे में पत्नी और मां से मारपीट, धारदार हथियार दिखाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी और मां के साथ मारपीट कर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 की रात करीब 9 बजे कांट्रेक्टर कॉलोनी, शिव मंदिर के पास, सड़क नंबर-21, सुपेला निवासी फेंकन बाई (50) ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनका पुत्र विजय कुमार वर्मा शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने नाती के साथ गाली-गलौज करने लगा।

परिजनों द्वारा समझाने का प्रयास करने पर आरोपी ने अपनी पत्नी सरिता वर्मा के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जब फेंकन बाई बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने लोहे का धारदार हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 871/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर आरोपी विजय कुमार वर्मा (35) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद और शराब के नशे में आरोपी द्वारा परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू हिंसा या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें।