जामुल में पुरानी रंजिश पर खूनी हमला: 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी कार्रवाई की जद में

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों पर डंडे और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद फरार हुए पांच आरोपियों को जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल निवासी रूखमणी मारकण्डेय ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 जून 2026 की रात करीब 8 बजे पूर्व में हुए विवाद को लेकर मोहल्ले के रहने वाले हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू, दिनेश साहू उर्फ दीनू, विजय यादव उर्फ करण यादव, परिचय उर्फ गुलशन यादव, मोहम्मद आसिफ और उनके अन्य साथियों ने संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय और दीपक साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में तीनों घायलों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण हमला करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक डंडा और एक धारदार हथियार बरामद कर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना पूर्व विवाद और आपसी रंजिश का परिणाम है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर और शांतिपूर्ण तरीके से करें। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।