रायपुर के बाद सबसे संक्रमित दुर्ग; 7 दिन में चौथे से दूसरे नंबर पर पहुंचे संक्रमण केस

त्वरित ख़बरें -24 घंटे में 950 केस मिले,,

कोरोना संक्रमण की बात करें तो छत्तीसगढ़ राज्य में राजधानी रायपुर और दुर्ग जिला सबसे भयावह स्थिति से गुजर रहे हैं। यहां कोरोना के मरीजों की संख्या कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। पिछले 24 घंटे की बात रायपुर में 1454 और दुर्ग में 950 केस सामने आए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से कोरोना को मात देने के लिए कोविड वैक्सीनेशन और कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।

दुर्ग जिले की हालत सबसे खराब है। यहां काफी तेजी से  कोरोना संक्रमितों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। 7 दिन पहले तक यह जिला राज्य में कोरोना संक्रमित को लेकर चौथे नंबर पर था। लेकिन आज यह बिलासपुर और रायगढ़ को पछाड़ते हुए दूसरे नंबर पर  पहुंच गया है। 11 जनवरी को मात्र 3308 टेस्ट पर 950 केस पॉजिटिव मिले हैं। हालत यह है कि यहां की पॉजीटिविटी रेट भी काफी बढ़ गया है।

कोरोना को मात देने के लिए जिला स्तर पर जिला प्रशासन, निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम दिन रात लगी हुई हैं। लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के साथ ही मास्क, सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी लोगों में जागरूकता का अभाव दिख रहा है।

जिला स्तर पर शुरू किया गया कोविड कंट्रोल रूम

जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण काल में लोगों की हर संभव मदद के लिए एक जिला स्तरीय कोविड कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। यदि किसी को कोरोना से जुड़ी किसी भी प्रकार की कोई जानकारी चाहिए तो वह 0788-2210737 पर कॉल करके कभी भी जानकारी ले सकता है। इसके साथ ही यदि कसी को होम आईशोलेशन के बारे में  कोई जानकारी चाहिए तो वह 0788-121151, 0788-121153 नंबर पर किसी भी समय कॉल करके जानकारी या मदद ले सकता है।